संतकबीरनगर। ठंड का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में पूर्वांचल की सबसे बड़ी कपड़ा मंडी बरदहिया बाजार में ऊनी कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। बाजार में जैकेट, ब्लेजर, स्वेटर आदि की मांग ज्यादा है। यहां जिले सहित गैर प्रांत से लोग खरीदारी करने आ रहे हैं। नेपाल, बिहार समेत आसपास के जनपदों के लोग ऊनी कपड़ाें की खरीदारी में जुटे हैं। इससे दुकानदारों को भी इस बार बिक्री बेहतर होने की उम्मीद है। बरदहिया बाजार में शनिवार से सोमवार तक कपड़ा मंडी लगती है। यहां से थोक कारोबारी जहां ऊनी कपड़े खरीदकर बेचने के लिए ले जाते दिखे। वहीं स्थानीय लोग भी स्वेटर, शॉल, जैकेट, ब्लेजर आदि की खरीदारी करते नजर आए। बाजार में जींस, शर्ट, फूल टी-शर्ट आदि की खरीदारी भी खूब हो रही है।
यहां सस्ते दर पर ऊनी कपड़ा मिल जा रहा है। जिससे लोग आकर्षित हो रहे हैं। रविवार को सुबह से ही काफी भीड़ दिखी। लोग ऊनी सहित अन्य कपड़े खरीदते नजर आए। यहां कपड़ा खरीदने आए लालचंद्र, महेंद्र कुमार आदि ने कहा कि जरूरत के हिसाब से कम दाम पर कपड़े मिल रहे हैं। साथ ही कंबल आदि भी मिल रहे हैं।