बरदहिया के समीप हाइवे पर पिकअप खड़ा कर माल लादते व्यापारी।
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 पर बरदहिया बाजार के सामने हाईवे पर वाहन रोककर व्यापारी अपने कपड़ों के गट्ठर लादते हैं। इसके चलते एक तरफ जहां जाम की स्थिति होती है, वहीं दूसरी तरफ दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है। कभी भी यहां पर कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
समय के साथ बरदहिया बाजार का विस्तार हुआ। अब यह बाजार हाईवे के किनारे तक पहुंच गया है। विभिन्न जिलों के आए हुए कपड़े के व्यापारी इसी हाईवे पर अपने वाहन खड़े करके उस पर कपड़ों के गट्ठर लादते हैं।
इसके चलते वहां पर जाम की स्थिति आ जाती है। बाजार से बड़े-बड़े गट्ठर लेकर ठेले बाहर निकलते हैं, और उन्हीं ठेलों को हाईवे पर पहुंचाने के लिए किनारे लगी लोहे की रेलिंग को जगह-जगह तोड़ दिया गया है।
ठेलों को हाईवे पर ले जाने से सर्विस लेन पर जाम लगा रहता है। छोटे वाहनों से यह ठेले अक्सर टकरा जाते हैं। इसके चलते स्थानीय जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ठेला चालकों की स्थिति तो यह है कि वे हाईवे की एक पटरी से दूसरी पटरी पर अपने वाहनों को चढ़ा देते हैं। जबकि वहीं पर हाईवे का ओवरब्रिज भी उतरता है।
इस संबंध में पूछे जाने पर यातायात उपनिरीक्षक परमहंस बताते हैं कि यहां से वाहनों को निरंतर हटवाया जाता है। हाईवे पर बेतरतीब खड़े वाहनों का चालान भी किया जाता है।ु