संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में छठ पूजा पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन रहेगा। सबसे ज्यादा भीड़ शहर के पक्का पोखरा पर होती है। यहां अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए महिलाओं की भीड़ रहती है। इसे देखते हुए मेंहदावल बाईपास से आजाद चौक तक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी। यह रोक रविवार को दिन में दो बजे से छठ पूजा की समाप्ति और फिर सोमवार की भोर में तीन बजे से सुबह नौ बजे तक रहेगी।
शहर में छठ पूजा के लिए व्रती महिलाओं ने शनिवार को पूरे दिन जमकर खरीदारी की। व्रती व श्रद्धालुओं को आवागमन में समस्या न हो, इसके लिए यातायात पुलिस की तरफ से पूरी तैयारी की गई है। कोतवाली के पास स्थित पक्का पोखरा पर व्रतियों की भारी भीड़ जुटती है। इसके लिए यहां काफी संख्या में श्रद्धालु भी एकत्रित होते हैं।
लोगों को आवागमन में परेशानी न हो इसके लिए रूट डायवर्ट किया गया है। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास पर बैरियर लगाकर वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। बाईपास से आजाद चौक तक पूजा के समय वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। इसी तरह से धनघटा की तरफ से आने वाले वाहनों को विधियानी मोड़ के पास से रोक दिया जाएगा। ताकि व्रतियों व श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न होने पाए।
दिन में दो बजे से अस्ताचलगामी सूर्य का अर्घ्य देने तक और अगले दिन भोर में तीन बजे से सुबह नौ बजे तक वाहनों के आवागमन पर रोक लगाया गया है। सभी वाहन सरैया बाईपास से होते हुए मोती चौराहा और विधियानी होते हुए धनघटा की तरफ भेजे जाएंगे। इसी तरह से धनघटा की तरफ से आने वाले वाहनों को विधियानी, मोती चौराहा होते हुए सरैया बाईपास की तरफ से भेजा जाएगा।
-
छठ पूजा के समय रूट डायवर्जन किया गया है, जिससे व्रतियों को आवागमन में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-परमहंस, टीएसआई
घाटों पर महिला पुलिस की भी रहेगी तैनाती
जिले के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहां महिलाओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस की भी तैनाती की गई है। यही नहीं सादी वर्दी में भी पुलिस को तैनात किया गया है, ताकि अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके। वहीं पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।