- राम जानकी मार्ग पर पारा हरगोविंद के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। राम जानकी मार्ग पर पारा हरगोविंद के पास बृहस्पतिवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार सेल्समैन की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर जिले के गीडा क्षेत्र के सेवई डेहरा गांव निवासी 36 वर्षीय विजय गुप्ता पुत्र रामचरन गुप्ता धनघटा में स्थित देसी शराब की दुकान पर सेल्समेन का काम करता था। बृहस्पतिवार को वह परिचित के शादी में शामिल होने के लिए बस्ती जिले के चकिया गांव में गया था। रात में करीब 12 बजे जब बरात से बाइक से धनघटा लौट रहा था तो राम जानकी मार्ग पर पारा हरगोविंद के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने विजय को चपेट में ले लिया। विजय ने हेलमेट नहीं लगाया था। उसके सिर में गंभीर चोट आई। जिससे वह सड़क पर गिर कर अचेत हो गया।
रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी तो घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विजय को सीएचसी मलौली भिजवाया। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे विजय के भाई अजय ने बताया कि विजय के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा प्रिंस (15 वर्ष) और छोटा बेटा दीपक (8 वर्ष) का है। विजय की मौत से परिजन गमगीन थे।