मेंहदावल बाईपास और मुखलिसपुर चौराहे पर लगने वाले जाम से मिलेगी निजात
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के मेंहदावल बाईपास और मुखलिसपुर तिराहे पर वाहन स्टैंड के चलते लगने वाले जाम से निजात के लिए मंगलवार को नगर पालिका और यातायात पुलिस की संयुक्त बैठक हुई। इसमें नेदुला बाईपास और इंडस्टि्रयल एरिया में वाहन स्टैंड बनाने पर चर्चा हुई। उसके बाद संयुक्त टीम ने जाकर जमीन का चिह्नांकन किया।
यातायात पुलिस के सीओ केशवनाथ, यातायात प्रभारी परमहंस और चेयरमैन जगत जायसवाल की संयुक्त बैठक पालिका कार्यालय में हुई। इसमें कई वार्डों के सभासद शामिल हुए। सीओ यातायात ने शहर में मुखलिसपुर तिराहे पर वाहनों के खड़ा होने के चलते जाम की समस्या का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि अगर वाहन स्टैंड शहर से बाहर कर दिए जाएं तो बेहतर होगा। इसके साथ ही जो वाहन गोरखपुर की तरफ से आ रहे हैं, उन्हें नेदुला के पास खड़ा किया जाए।
इस पर सहमति बनी और चेयरमैन जगत जायसवाल ने कहा कि वाहनों को अगर शहर से बाहर खड़ा किया जाए तो काफी हद तक लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। इसके बाद नेदुला और इंडस्टि्रयल एरिया में नगर पालिका की जमीन को देखा गया। जहां पर वाहन स्टैंड बनाने पर सहमति बनी।
चेयरमैन जगत जायसवाल ने कहा कि मेंहदावल की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए तहसील गेट के पास स्टैंड बना दिया गया है। वहां से वाहन मेंहदावल बाईपास की तरफ नहीं आएंगे। गोरखपुर की तरफ से आने वाले वाहन इंडस्टि्रयल एरिया के पास स्टैंड पर खड़े होंगे। बस्ती की तरफ से आने वाले वाहन नेदुला बाईपास के पास खड़े किए जाएंगे।
इस दौरान उमेश कुमार, पंकज, गोरख, राधेश्याम, इमराज, अब्दुल्ला खां समेत अन्य मौजूद रहे।