संतकबीरनगर। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। एनसीईआरटी ने स्वयं पोर्टल पर निशुल्क ऑनलाइन लाइन कोर्स शुरू किया है। इससे छात्र छात्राएं घर बैठे मोबाइल या लैपटाॅप के माध्यम से बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। डिजिटल शिक्षा के इस युग में स्वयं पोर्टल जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़कर अपनी क्षमताओं को और निखारने का मौका मिलेगा।
स्वयं पोर्टल से बोर्ड परीक्षा की तैयारी को आसान और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। पोर्टल पर कोसों का सबसे बड़ा लाभ उन छात्रों को मिलेगा, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से कोचिंग नहीं जा पाते। स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध कोसों को एनसीईआरटी के विशेषज्ञों द्वारा इस तरह से डिजाइन किया गया है कि बोर्ड परीक्षा में पूछे जाने वाले हर टॉपिक को आसानी से समझ सकें। इन कोर्सों के लिए इच्छुक छात्र 20 फरवरी 2026 तक स्वयं पोर्टल या एनसीईआरटी के समर्थ पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इन विषयों के कोर्स
स्वयं पोर्टल पर विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भूगोल, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान जैसे विषयों के लिए अलग-अलग कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं। छात्रों की सुविधा के लिए वीडियो लेक्चर, क्विज, असाइनमेंट और मूल्यांकन के साधन भी दिए गए हैं।
पंजीकरण की प्रक्रिया एकदम सरल है
डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि एनसीईआरटी की ओर से उपलब्ध कराए गए स्वयं पोर्टल का लाभ छात्रों को मिलेगा। यह छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक दिलाने में मदद करेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राएं को ट्यूशन या महंगी कोचिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती है। उनके लिए स्वयं पोर्टल बहुत अच्छा है। इससे तैयारी कर बेहतर अंक ला सकते हैं।