संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा शुरू होने में 10 दिन ही शेष हैं। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने की तैयारी तेजी से चल रही है। रविवार को बोर्ड से आए प्रश्नपत्रों को पुलिस सुरक्षा और अधिकारियों की निगरानी में संकलन केंद्र के डबल लॉक में रखवा दिया गया। परीक्षा शुरू होने से तीन दिन पूर्व परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों पर भेजे जाएंगे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 113 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड की ओर से आने वाले प्रश्नपत्रों की निगरानी के लिए भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड से आए प्रश्नपत्रों को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की निगरानी में संकलन केंद्र के डबल लाक में रखवा दिया गया है। इसके साथ ही जिले में परीक्षा केंद्रों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में डबल लॉक की आलमारी में प्रश्नपत्र रखे जाने हैं। जिनकी तीन चाबियां होंगी। परीक्षा के दौरान स्ट्रांग रूम को स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में खोला जाएगा। तीन दिन पहले प्रश्न पत्रों काे कड़ी सुरक्षा में केंद्रों पर भेजा जाएगा।
परीक्षा से एक घंटे पहले और परीक्षा संपन्न होने के एक घंटे बाद आलमारियों को लॉक किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर बनाए गए कंट्रोल रूम से 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगी। तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में 28138, इंटरमीडिएट में 27250 सहित कुल 55388 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक हरिशचंद नाथ का कहना है कि बोर्ड प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों में बने स्ट्रांग व रूम में डबल लॉक की आलमारी में व रखे जाएंगे। बोर्ड के दिशा निर्देशों के अनुरुप परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा।