लोहरैया। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी है। बोर्ड की ओर से इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। इसके तहत 11 से 19 जनवरी के बीच प्रथम चरण में प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी।
प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगी। परीक्षा के दौरान की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसे उपलब्ध कराया जा सके। इसका उद्देश्य परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना है।
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में विज्ञान और गृह विज्ञान विषय को छोड़कर अन्य सभी विषयों का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा।
हाईस्कूल में विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों की 30-30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बोर्ड की ओर से निर्धारित व्यवस्था के तहत आयोजित कराई जाएंगी।
व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होने के लिए अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा, ताकि परीक्षा की तिथि और केंद्र से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें।
-
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएंगी। सभी संबंधित विद्यालयों को सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और परीक्षा की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी समय से अपनी तैयारियां पूरी करें।
-उपेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक