संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा अब अंतिम दौर में है। परिषद ने कॉपियों के मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है। 18 मार्च से शुरू होने वाला मूल्यांकन एक अप्रैल तक चलेगा। 14 से 15 मार्च तक परिषद परीक्षकों की सूची जारी कर सकता है। मूल्यांकन का काम सीसीटीवी कैमरे में होगा।
जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा धीरे-धीरे खत्म होने की ओर पहुंच गई है। मुख्य विषयों की परीक्षा पहले हो चुकी है, जबकि कुछ सामान्य विषयों की परीक्षा भी 12 मार्च तक हो जाएगी। बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होगा। इसके लिए जिले में दो मूल्यांकन केंद्र बने हैं, जिसमें एचआर इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज शामिल है। परिषद की ओर से तिथि तय होने के बाद शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिशचंद नाथ ने बताया कि 18 मार्च से एक अप्रैल तक जीआईसी और एचआर इंटर कॉलेज में मूल्यांकन होगा। मूल्यांकन की निगरानी के लिए जिला स्तरीय एक पर्यवेक्षक की तैनाती होगी। जिलाधिकारी की ओर से एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति होगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी की निगरानी में मूल्यांकन होगा। राजकीय और अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए प्रत्येक दिन 50 हाईस्कूल और 45 इंटरमीडिएट की कॉपियों की जांच करनी होगी।
अंकेक्षक प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट उपनियंत्रक और जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजेंगे। हर दिन कम से कम 15 कॉपियों का पुनः मूल्यांकन होगा। मूल्यांकन केंद्र के अंदर किसी भी शिक्षक को मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी होगी। हाईस्कूल में 70 नंबर के पूर्णांक हैं। इनमें 20 नंबर ओएमआर सीट की जबकि 50 नंबर उत्तर पुस्तिका में लिखे शब्दों के आधार पर होगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर 15 मार्च तक परीक्षकों की ड्यूटी चार्ट भी जारी कर दिया जाएगा।