संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियों के बीच माध्यमिक शिक्षा परिषद ने छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण में त्रुटियां सुधारने का अवसर दिया है। इसके लिए दो से 12 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल खोला गया है। विद्यालयों के प्रधानाचार्य निर्धारित समयसीमा में छात्र-छात्राओं के विवरण में संशोधन करा सकेंगे।
डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक स्कूल लॉगिन के माध्यम से संशोधन किया जा सकेगा। इसमें विषय, वर्ग, छात्र-छात्राओं के नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, लिंग, जाति, हिंदी-अंग्रेजी माध्यम और फोटो में सुधार किया जा सकता है। कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल अनुक्रमांक की त्रुटि भी ठीक कराई जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि जन्मतिथि, छात्र या माता-पिता के पूरे नाम में बदलाव तथा छात्र-छात्राओं के विवरण को हटाने या बहाल कराने के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए संबंधित विद्यालयों को जरूरी अभिलेखों के साथ 16 नवंबर तक डीआईओएस कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा।
डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समयसीमा में सभी त्रुटियों को दुरुस्त करा लें। इसके बाद संशोधन का कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।