संतकबीरनगर। जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए करीब 70 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की शनिवार को रास्ते में मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर 108 एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस कर्मियों को रास्ते में ही उसकी मौत होने का संदेह हुआ। इसके बाद संयुक्त जिला अस्पताल में जांच कराई गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आकस्मिक चिकित्साधिकारी की ओर से कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को भेजी गई सूचना के अनुसार, उक्त अज्ञात पुरुष का पूर्व में 28 अगस्त को चिकित्सकीय परीक्षण हुआ था। शनिवार को सर्जन ने उसे देखने के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय एंबुलेंस कर्मियों को मरीज की हालत गंभीर लगी। अस्पताल में दोबारा जांच कराने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पिता का नाम, थाना और जिला भी अज्ञात है। पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद