संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के पचपोखरी बाजार में वाहन पार्क करने के विवाद को लेकर भतीजे को दवा दिलाने गए एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंचे चाचा के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पचपोखरी निवासी मजहर हुसैन ने दुधारा थाने में दी तहरीर में बताया कि 10 सितंबर की शाम करीब छह बजे वह अपने छह वर्षीय भतीजे अब्दुल्ला को दवा दिलाने पचपोखरी बाजार गए थे। रजा मार्केट के सामने वाहन पार्क करने की बात को लेकर फरहान, फैजान और एक अन्य व्यक्ति से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। भतीजे को बचाने आगे आए मजहर हुसैन पर फरहान ने लोहे की रॉड से सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।ि