एमसीएच विंग अस्पताल में बंद रहा अल्ट्रासाउंड कक्ष।संवाद
बिना अल्ट्रासाउंड के रोज लौट रहे 20 से 30 मरीज
रेडियोलॉजिस्ट के इस्तीफा देने के बाद बढ़़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के इस्तीफे के बाद मरीजो की परेशानी बढ़ गई है। प्रतिदिन 20 से 30 मरीज बिना अल्ट्रासाउंड के वापस हो रहे है। अस्पताल प्रशासन संविदा पर रेडियोलॉजिस्ट की तलाश कर रहा है। ऐसे में मरीजों को बाहर से अधिक रकम खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराना मजबूरी बन गया है।
जिला अस्पताल में दो रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती थी। जिसमे एक रेडियोलॉजिस्ट एमसीएच विंग में महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर रहे थे तो दूसरे रेडियोलॉजिस्ट जिला अस्पताल में पुरुषों के अल्ट्रासाउंड के लिए तैनात थे। एमसीएच विंग के रेडियोलॉजिस्ट ने एक माह पूर्व डयूटी पर आना बंद कर दिया था। बाद में सीएमएस ने नोटिस जारी किया तो उन्होंने अपना इस्तीफा भेज दिया। जिसके बाद से अल्ट्रासाउंड के लिए परेशानी बढ़ गई।
पिछले सप्ताह तत्कालीन डीएम संदीप कुमार जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे तो अल्ट्रासाउंड की समस्या उनके सामने आई थी। उन्होंने संविदा पर रेडियोलॉजिस्ट रखे जाने का निर्देश सीएमएस को दिया था। इधर रेडियोलॉजिस्ट के न रहने से अल्ट्रासाउंड के लिए मरीज परेशान हो रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 100 से 120 लोग अल्ट्रासांउड के लिए आते हैं। एक रेडियोलॉजिस्ट के ऊपर भार अधिक होने की वजह से 20 से 30 मरीज बिना अल्ट्रासाउंड के लौट रहे हैं। सोमवार को अल्ट्रासाउंड के लिए आई संगीता, विद्योत्मा आदि ने बताया कि अल्ट्रासाउंड के लिए आए थे पर दूसरे दिन बुलाया गया है। यही हाल अन्य मरीजों का रहा।
...
कोट
रेडियोलॉजिस्ट के इस्तीफा देने के बाद समस्या आ रही है। महानिदेशालय से रेडियोलॉजिस्ट की मांग की गई है, अगर वहां से रेडियोलॉजिस्ट मिल जाते हैं तो सही है, नहींं तो संविदा पर रेडियोलॉजिस्ट रखने की तैयारी की गई है, जिससे मरीज को परेशानी न उठाना पड़े।
-डॉ. महेश कुमार, सीएमएस