जिला अस्पताल में बंद पड़ा अल्ट्रासाउंड कक्ष
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में पिछले पांच दिन से अल्ट्रासाउंड ठप है। जिसकी वजह से मरीजों को मजबूरी में बाहर से अल्ट्रासाउंड करानी पड़ रही है। यह समस्या एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के बीमार होने से आई है। अस्पताल प्रशासन दूसरे रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। मरीज को बाहर पैथाेलॉजी पर मनमाना रकम चुकानी पड़ रही है।
जिला अस्पताल में डेढ़ माह पहले दो रेडियोलॉजिस्ट थे। जिसमे डॉ. शैलेंद्र चौधरी और डॉ. गोपाल तैनात थे। डॉ. शैलेंद्र चौधरी एमसीएच विंग में महिलाओं का अल्ट्रासाउंड की जिम्मेदारी थी। वहीं डॉ. गोपाल के जिम्मे जिला अस्पताल में पुरुष मरीजों के अल्ट्रासाउंड की जिम्मेदारी संभालते थे। डेढ़ माह पहले डॉ. शैलेंद्र चौधरी का स्थानांतरण अयोध्या जनपद हो गया। इसके बाद दोनों जगहों पर अल्ट्रासाउंड की जिम्मेदारी डॉ. गोपाल के जिम्मे आ गई।
सुबह आठ बजे से 11 बजे तक वह जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करते थे और उसके बाद एमसीएच विंग में अल्ट्रासाउंड करते थे। पिछले पांच दिन से वह बीमार हो गए हैं। जिसकी वजह से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड ठप हो गया है। शुक्रवार को पहुंचे मरीज विद्यावती, संगीता, छविलाल ने बताया कि अल्ट्रासाउंड कराने आए थे लेकिन कक्ष बंद मिला। कर्मचारियों ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट बीमार हो गए हैं। अभी तीन दिन और लग सकता है।
कोट
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गोपाल अस्वस्थ हो गए हैं। अस्पताल में एक ही रेडियोलॉजिस्ट हैं। उम्मीद है कि एक दो दिन में वह आ जाएंगे और फिर अल्ट्रासाउंड शुरू हो जाएगी।
-डॉ. भवनाथ पांडेय, सीएमएस