- बस्ती जनपद के मुंडेरवा तो दूसरी महुली क्षेत्र में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद के युवक की मुंडेरवा में रविवार रात अज्ञात वाहन की चपेट से मौत हो गई है। वहीं दूसरा हादसा महुली क्षेत्र के लुतुही के पास हुआ। सोमवार की दोपहर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने दाेनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
वाहन की चपेट से युवक की मौत
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के लहुरादेवा निवासी कृष्ण मोहन (19 वर्ष) पुत्र श्रीप्रकाश रविवार को बुआ के घर देईसाड़ गया था। रात में वह किसी काम से मुंडेरवा क्षेत्र के कुरीयारे आया था और सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। सूचना पर परिजन पहुंच गए और उसे लेकर कैली अस्पताल बस्ती पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने देखते ही मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही खलीलाबाद के पास उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कृष्ण मोहन के भाई रोहित ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। वह मजदूरी का काम करता था। कृष्णमोहन की मौत से परिजन गमगीन थे।
दो बाइकों की टक्कर में युवक की गई जान, तीन घायल
धनघटा। बस्ती-महुली मार्ग पर लुतुही गांव के पास सोमवार को दोपहर तीन बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें महिला समेत तीन घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बस्ती जनपद के लालगंज क्षेत्र के थालापार गांव निवासी रामानंद निषाद (32 वर्ष) पत्नी संतोषी देवी के साथ ससुराल महुली क्षेत्र के बघाड़ीपुर उर्फ परसादीपुर आया था। सोमवार को रामानंद बाइक से पत्नी को बैठाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान देईसाड़ की तरफ से बाइक सवार मनीष पुत्र कपिल देव चौहान व देव सिंह उर्फ शेर सिंह पुत्र अमेरिका निवासी बेलराई की क्षेत्र के लुतुही गांव के पास आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की के मुताबिक ठोकर लगने के बाद दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में बेलराई गांव निवासी बाइक चालक मनीष चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा साथी देव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वही दूसरी बाइक पर सवार दंपती रामानंद और पत्नी संतोषी देवी भी घायल हो गईं। उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर देव सिंह, रामानंद, संतोषी देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक देव सिंह व रामानंद निषाद की हालत चिंताजनक बनी है। पुलिस अस्पताल पहुंचकर मनीष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।