संतकबीरनगर। बखिरा पुलिस ने स्कूल-कॉलेज के आसपास छात्राओं को परेशान करने और अश्लील हरकत करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को उपनिरीक्षक ददन राय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में स्कूल-कॉलेजों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान बेणी माधव इंटर कॉलेज के गेट के पास दो युवक खड़े होकर सिगरेट पीते मिले। पुलिस ने कुछ दूरी से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी तो दोनों छात्राओं को देखकर अश्लील हरकत करते और सिगरेट का धुआं छोड़ते दिखाई दिए। छात्राएं असहज होकर वहां से हटने लगीं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को रोकने का प्रयास किया तो वे मोटरसाइकिल से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान मोहम्मद सईद निवासी नया मोहल्ला, वार्ड नंबर 14 और मोहम्मद जुबैर निवासी तनवीरगंज, वार्ड नंबर 11, बखिरा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की बात कही।