यूपी के संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के बाड़ों सिवान में रविवार दोपहर वर्चस्व की जंग में खूनी संघर्ष हो गया। खेत में गेहूं की बोआई कर रहे किसानों पर बाइकों से पहुंचे करीब 15 हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुए हमले से खेत में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने चार लोगों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और लाठी-डंडों से भी हमला किया। वारदात में प्रहलाद (42) और ट्रैक्टर चालक रामकेश (34) की मौत हो गई, जबकि घनश्याम और सहसराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद जमोहरा गांव में तनाव को देखते हुए पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
जमोहरा निवासी प्रहलाद पुत्र राजकुमार, घनश्याम पुत्र रामसुभग, सहसराम पुत्र सुमेर और ट्रैक्टर चालक रामकेश पुत्र फेंकू रविवार दोपहर करीब ढाई बजे बाड़ों सिवान में खेत की बोआई करा रहे थे। इसी दौरान अजय यादव और मुरलीधर यादव के साथ करीब 15 लोग बाइकों से पहुंचे। उन्हाेंने अपनी बाइक खेत से कुछ दूरी पर खड़ी की और पैदल ही खेत की तरफ बढ़ने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों में शामिल चार लोगों ने खेत में पहुंचते ही असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली प्रहलाद के सिर में लगी। वह खेत में गिर गए। इसके बाद घनश्याम को निशाना बनाया। उन्हें भी गोली लगी। सहसराम के शरीर में छर्रे धंस गए। वहीं, जान बचाने के लिए भाग रहे ट्रैक्टर चालक रामकेश पर भी फायरिंग की गई। गोलियां चलाने के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया।
अचानक हुई इस वारदात से खेत में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद आरोपियों ने बाइक में आग लगा दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर भाग गए।
ग्रामीणों की मदद से चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां चिकित्सकों ने प्रहलाद और रामकेश को मृत घोषित कर दिया। घनश्याम और सहसराम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वारदात की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख पुकार मच गई।
दिनदहाड़े हुई दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, सीओ सर्वदवन सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एहतियातन दुधारा, बेलहर, धर्मसिंहवा और बखिरा थानों की पुलिस भी बुला ली गई। जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित
वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हमलावरों के आने-जाने के रास्ते, घटना के कारण और आपसी रंजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आयुक्त और डीआईजी ने परिजन से की मुलाकात
घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार शाम करीब सात बजे मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव और डीआईजी संजीव त्यागी भी जमोहरा गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मृतकों के परिजन से मुलाकात कर जानकारी ली। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिसबल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।