जमीन के विवाद में दो सगे भाइयों को पीटा
सिर में चोटे आने से छोटे भाई की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के कटबंध में जमीन के विवाद में कुछ लोगों ने दो सगे भाइयों को पीट कर लहूलुहान कर दिया। सिर में चोटे आने से छोटे भाई की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। घायल बड़े भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कटबंध गांव निवासी धर्मेद्र सिंह पुत्र गौरीशंकर सिंह का आरोप है कि सोमवार को भाई अजय सिंह अपने टीनशेड में मौजूद थे। वह कहीं जाने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान गांव के ही रहने वाले दो सगे भाई कुछ अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडा आदि लेकर आ गए। जमीन के विवाद की वजह से भाई अजय सिंह पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
भाई अजय सिंह जान बचाने के लिए शोर करते हुए भागने लगा तो हमलावरों ने ईंट से सिर पर प्रहार कर दिया। वह बेहोश हो गया। वह भाई को बचाने पहुंचा तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।
शोर सुनकर गांव के अन्य लोग आते, तब तक हमलावर फरार हो गए। गांव के लोगों ने घायल दोनों भाइयों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अजय सिंह को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। कोतवाल विजय नरायन प्रसाद ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।