प्रधान पुत्र की हत्या करने जा रहे दो लोग गिरफ्तार
बखिरा पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
दो तमंचा, चार कारतूस और एक बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
बखिरा। बुधवार की भोर बखिरा पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी करके जसवल भरवलिया गांव के मोड़ के निकट बाइक सवार दो लोगों को पकड़ा। इनके पास से दो तमंचा व चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों लोग गोरखपुर जिले के घघसरा के ग्राम प्रधान के बेटे को मारने जा रहे थे। बखिरा पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया।
एसओ बखिरा सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को भोर में अपनी टीम के साथ बखिरा स्थित सहजनवां तिराहे पर मौजूद थे। उसी दौरान स्वाट टीम प्रभारी करुणाकर पांडेय भी पुलिस बल के साथ आ गए। खबर मिली कि सिहटीकर में एक बाइक के साथ दो लोग खड़े हैं। इनके पास असलहा है और दोनों किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इस पर पुलिस टीम ने जसवल भरवलिया गांव के मोड़ पर दोनों तरफ से घेराबंदी की। थोड़ी देर बाद ही एक बाइक पर दो लोग आते दिखे, जिन्हें रोककर पकड़ लिया गया। तलाशी में दोनों के पास से दो तमंचा व चार कारतूस मिला। बाइक के कागजात भी नहीं थे। पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम सबी कुमार उर्फ विजय पुत्र रामकिशोर निवासी अतरीनानकार थाना धर्मसिंहवा (सन्तकबीरनगर) हाल पता रीठुआखोर था सहजनवां जिला गोरखपुर और दूसरे ने चतुर्भुज सिंह उर्फ टिंकू सिंह पुत्र इंद्रकुमार सिंह निवासी रीठुआखोर थाना सहजनवा (गोरखपुर) बताया। चतुर्भुज सिंह ने स्वीकार किया कि वे लोग घघसरा के ग्राम प्रधान के लड़के विकास को मारने की नीयत से जा रहे थे। विकास ने बीते मई माह में चतुर्भुज सिंह के भाई मनोज सिंह को घघसरा में मारपीट कर घायल कर दिया था। भाई की पिटाई का बदला लेने के लिए ही उन लोगों ने विकास केे मारने की योजना बनाई थी।
एसओ ने बताया कि पकड़ी गई बाइक को चालान किया गया है। इसके अलावा दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।