- एक पक्ष पर लाइसेंसी रिवाॅल्वर लहराने का आरोप
- पुलिस ने जब्त किया रिवाल्वर, दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के अचकवापुर में मकान के बंटवारे के विवाद में सोमवार देर शाम दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में एक पक्ष के तीन लोगों को मामूली चोट आई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने लाइसेंसी रिवाल्वर मुंह में डाल कर जान से मार देने की धमकी दी।
कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि शहर के मड़या- अचकवापुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मिठाई लाल और उनकी विधवा भयहू शकुंतला के बीच मकान के बंटवारे का विवाद है। उसी विवाद को लेकर मिठाईलाल पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के दो-तीन लोगों को मारा पीटा। पीड़ित महिला का आरोप है कि वह अपने घर में बैठी थी। तभी मिठाईलाल यादव, रविंद्र यादव, अरुण यादव, दिनेशचंद्र यादव, सरोज यादव, रेनू यादव, नीतेश यादव गोलबंद होकर कार से उसके दरवाजे पर आए। आरोप है कि लोगों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। सके मुंह में रिवाल्वर डाल दिए और जानमाल की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर उक्त आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। कोतवाल ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला कि सेवानिवृत्त शिक्षक मिठाई लाल के पास लाइसेंसी रिवाल्वर है। विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर लहराया गया। इस मामले में उक्त लाइसेंसी असलहा और पांच अदद कारतूस कब्जे में ले लिया गया है। इस मामले में चौकी इंचार्ज आशुतोष मणि त्रिपाठी की तहरीर पर लाइसेंस की शर्तों का उल्लघंन किए जाने के आरोप में मिठाई लाल के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। उक्त शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।
किशोरी को भगाने के आरोप में युवक पर केस दर्ज
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को युवक बहला फुसला कर भगा ले गया। पीड़ित मां का आरोप है कि उसकी बेटी कक्षा नौ में पढ़ती है। बेटी 26 फरवरी को दिन में घर पर बता कर अपने पिता की दुकान पर गई। बेटी पिता की दुकान पर नहीं पहुंची और न ही घर लौटी। काफी तलाश की गई, लेकिन बेटी का पता नहीं चला। बाद में पता चला कि गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र का रहने वाली आरोपी युवक उसकी बेटी को भगा ले गया है। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि आरोपी युवक पर केस दर्ज किया गया। संवाद