एचआर इंटर कॉलेज : छात्रों के दो गुट भिड़े, तोड़फोड़
- जागरूकता रैली के दौरान हुआ था विवाद, कॉलेज लौटने पर एक छात्र की पिटाई
- दूसरे गुट ने तीन गाड़ियों के शीशे तोड़े, कई साइकिलों को किया क्षतिग्रस्त
- प्रधानाचार्य ने दो छात्रों के खिलाफ दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद में सोमवार को छात्रों के दो गुटों में जमकर बवाल हुआ। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज के तीन शिक्षकों की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और कुछ साइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रधानाचार्य ने दो छात्रों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
सोमवार की सुबह कॉलेज से जेई, एईएस को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई थी। रैली में ही कुछ छात्रों में विवाद हो गया। रैली के वापस कॉलेज पहुंचने पर छात्रों में फिर से तू-तू, मैं-मैं होने लगी। इस दौरान एक गुट के छात्रों ने दूसरे गुट के एक छात्र की पिटाई कर दी। इससे भड़के दूसरे गुट के छात्रों ने कॉलेज में तोड़फोड़ करने लगे। उन्होंने शिक्षकों की तीन गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और छात्रों की कुछ साइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हिंसा पर उतारू छात्रों ने समझाने पहुंचे एक शिक्षक को भी दौड़ा लिया। कॉलेज में करीब एक घंटे तक हंगामा मचा रहा। बाद में कुछ शिक्षकों के समझाने पर छात्र शांत हुए।
प्रधानाचार्य उदयभान सिंह ने दो छात्रों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने कहा है कि जेई, एईएस को लेकर सोमवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली गई थी। उसी दौरान कॉलेज के दो छात्रों के बीच हुए विवाद हो गया। रैली समापन के बाद कॉलेज में दोनाें छात्र एक-दूसरे से उलझ गए। बाद में एक छात्र के समर्थन में कुछ बाहरी लोग कॉलेज परिसर में घुस आए और बवाल करने लगे।
-----
पहले भी हो चुका है छात्रों में विवाद
- हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद में छात्रों के बीच विवाद होना नया नहीं है। आए दिन यहां छात्रों के बीच विवाद होता रहता है। छह माह पहले कॉलेज के छात्रों में मारपीट हुई थी। कुछ छात्रों को कॉलेज गेट से बैंक चौराहे तक दौड़ा कर पीटा गया था। तब पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया था।