अलग-अलग हादसों में डीसीएम चालक समेत दो की मौत
- बनियाबारी के पास हुए हादसे में बाइक सवार युवक की जान गई
- टेमा के पास सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर में पीछे से डीसीएम टकराई
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग हादसों में डीसीएम चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
कलेक्ट्रेट चौकी पर तैनात एसआई शोएब अहमद ने बताया कि शनिवार की सुबह खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर बनियाबारी के पास हुए हादसे में युवक घायल हो गया। सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से पुलिस घायल को जिला अस्पताल पहुंचाई, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। शव की पहचान कोतवाली क्षेत्र के जंगलऊन बलुअरा गांव निवासी 23 वर्षीय गोविंद पुत्र चौथी के रूप में हुई। सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए।
कांटे चौकी इंचार्ज दीपक दूबे ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमा के पास शनिवार की भोर में सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से डीसीएम टकरा गई। जिसमें चालक बाराबंकी जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के आजाद नगर सब्जी मंडी निवासी मोहम्मद कासिम (40) घायल हो गए। सूचना पर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।