विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
- 45 बेरोजगारों से विदेश भेजने के नाम पर 22 लाख हड़पने का आरोप
- दुबई जाने के लिए थमा दिए थे फर्जी वीजा और एयर टिकट
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। विदेश भेजने के लिए 45 बेरोजगार युवकों से करीब 22 लाख रुपये लेकर उन्हें फर्जी वीजा व जाली एयर टिकट पकड़ा दिया गया। युवकों को जब कागजात फर्जी होने की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। फर्जी वीजा और टिकट देने वाले दो लोगों को युवकों ने पकड़कर रविवार को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं ठगी के शिकार युवक और उनके परिजन रकम वापसी के लिए थाने में डेरा डाले हुए हैं।
धनघटा थाना क्षेत्र के खड़कपुर निवासी एक शख्स लोगों को विदेश भेजने का काम किया करता था। कुछ दिनों पहले उसकी मौत हो गई तो उसका भाई कारोबार संचालित करने लगा। बेरोजगार शैलेंद्र, सुरेंद्र, प्रभुनाथ, कौशल किशोर आदि युवक दुबई जाने के लिए उस शख्स के माध्यम से फैजाबाद जिले के रहने वाले शख्स को 50 से 65 हजार रुपये दे दिए। पीड़ित युवकों का आरोप है कि उनको दुबई जाने का एयर टिकट और वीजा दे दिया गया। जब टिकट की जांच कराएं तो वह फर्जी निकला। उसके बाद खड़कपुर निवासी युवक को साथ लेकर फैजाबाद जिले के रहने वाले जालसाज की तलाश में जुट गए। युवकों की माने तो जालसाज उनके हाथ रविवार को लग गया और उसको धनघटा थाने पर लाकर पुलिस के हवाले कर दिए। एसओ आरके गौतम ने बताया कि पूछताछ की जा रही है। ठगी के शिकार हुए युवक और उनके परिजन दी गई रकम वापसी के इंतजार में दो दिन से धनघटा में डेरा डाले हुए हैं।