विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसमें से एक धनघटा विधानसभा क्षेत्र से और एक खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र का है। इसी के साथ जिले में नामांकन का खाता खुल गया है। दूसरी तरफ 11 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। उम्मीद है कि सोमवार से नामांकन में तेजी आएगी।
विधानसभा चुनाव के लिए चार फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। दो दिन कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। तीसरे दिन शनिवार को धनघटा सुरक्षित सीट से शोषित समाज दल के लोटन उर्फ लौटन प्रसाद पुत्र भुवाल और खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र से बैजनाथ पुत्र राम मिलन ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट के आस-पास बैरिकेडिंग कर सभी रास्तों को बंद कर दिया गया था। मुख्य द्वार से सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्ताव को ही प्रवेश मिल सका, वह भी गहन तलाशी के बाद। नामांकन के चलते कलेक्ट्रेट को जाने वाले मार्गों पर भी आवागमन पूरे दिन बाधित रहा। डीएम रमाकांत पांडेय ने बताया कि तीसरे दिन कुल 11 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा।
खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र: यहां छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा, इनमें अलाउद्दीन(समाज सेवा पार्टी ), सत्यनारायन (निर्दल), धर्मेंद्र कुमार(निर्दल), अश्वनी कुमार मौर्य (निर्दल), हेमंत सिंह यादव (निर्दल) और अखंड बहादुर पाल(कांग्रेस) शामिल रहे।
मेंहदावल विधान सभा क्षेत्र: यहां तीन लोगों ने पर्चा खरीदा, जिसमें राजधर पाठक (कांग्रेस), राजनरायण (निर्दल), प्रहलाद मौर्य (जन अधिकार पार्टी) शामिल रहे।
धनघटा विधान सभा क्षेत्र: इस क्षेत्र से दो लोगों ने पर्चा लिया, जिसमें अलगू चौहान (सपा) और अजय कुमार (निर्दल), शामिल रहे।