लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के छपिया छितौना गांव के पास सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। युवकाें ने हेलमेट नहीं लगाया था।
जानकारी के अनुसार, दुधारा थाना क्षेत्र के नौवागांव निवासी फूलचंद (35) पुत्र सीताराम और महदो निवासी किशन (36) पुत्र जयकिशन सोमवार रात करीब 8:30 बजे बाइक से नौवागांव पेट्रोल पंप से टेमा रहमत चौराहे की ओर जा रहे थे। छपिया छितौना गांव से करीब 100 मीटर आगे टावर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने फूलचंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल किशन को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मंगलवार को उपचार के दौरान किशन ने भी दम तोड़ दिया।
दो युवकों की मौत से नौवागांव और महदो गांव में शोक की लहर है। एसओ ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।