रिकवरी वैन में मिली अंग्रेजी शराब, दो गिरफ्तार
हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी, साढ़े आठ लाख बताई जा रही कीमत
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली की पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह मगहर पुलिस चौकी के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार कर एक रिकवरी वैन से 85 गत्तों में रखी अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसकी कीमत साढ़े आठ लाख बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों तस्करों को जेल भेज दिया।
एसपी ब्रजेश सिंह ने पत्रकार वार्ता बताया कि सूचना के आधार पर कोतवाल श्रीप्रकाश यादव ने मगहर चौकी के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी बीच एक रिकवरी वैन आती दिखी। चेकिंग में वैन में 85 गत्ते मिले। जांच में इसमें 2483 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। वैन में मौजूद दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया गया। इनके पास तमंचा और चाकू बरामद हुआ। दोनों सोनीपत (हरियाणा) जिले के निवासी हैं। इनकी पहचान कुलवीर जाट पुत्र नाहर सिंह निवासी रोहना थाना खरखोदा और प्रदीप जाट पुत्र राजेन्द्र जाट निवासी दीपालपुर थाना राई के रूप में हुई। तस्करों ने बताया कि वे लोग रिकवरी बैन का नंबर बदल-बदल कर अवैध शराब बेचने का कार्य करते है। बरामद अंग्रेजी शराब को वे लोग हरियाणा से लेकर बेचने के लिए बिहार ले जा रहे थे। इसे बेचकर वे परिवार का भरण पोषण करते हैं। दोनों पर केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।
टीम में चौकी प्रभारी कांटे मनोज पटेल, चौकी प्रभारी गोला बाजार सुनील सिंह, चौकी प्रभारी मगहर राममिलन यादव, एसआई रामभवन यादव, कांस्टेबल राघवेंद्र पांडेय, जमीर खान, संतोष सिंह, वशिष्ठ नरायण श्रीवास्तव, मोतीलाल, खुर्शीद अहमद, आदित्य कुमार यादव, वाहन चालक कृष्णदेव शुक्ला शामिल रहे।