संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने जीएसटी चोरी तथा धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। पुलिस ने उनके पास से दो लैपटाप, तीन मोबाइल, 4650 रुपये नकद, दस सिमकार्ड, दो मोहर, एक आधार व एक पैन कार्ड भी बरामद किया है। पुलिस ने समस्त लिखापढ़ी के बाद दोनों को जेल भिजवा दिया।
प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे ने बताया कि थाने में दर्ज मामले में निरीक्षक अपराध राकेश कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान संदीप कुमार निवासी ए-203/204 गली नंबर-3 हरित विहार बुराडी नार्थ दिल्ली एवं अमन उपाध्याय निवासी मकान नंबर 125/124 नियर अपेक्स पब्लिक स्कूल गली नंबर 98/2 संतनगर बुराडी नार्थ दिल्ली के रूप में हुई। उनके पास से लैपटाप समेत अन्य सामान बरामद हुआ। इस बरामदगी के आधार पर आईटीएक्ट की बढ़ोतरी की गई।
पूर्व में तीन जुलाई 2025 को अरविंद्र कुमार सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-1 संतकबीरनगर ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में श्रीयादव इंटरप्राइजेज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बिना किसी वास्तविक इनवर्ड सप्लाई खरीद के फर्जी तरीके से मात्र इनवाइस के माध्यम से आउटवर्ड सप्लाई व बिक्री घोषित करते हुए बिना वास्तविक आउटवर्ड सप्लाई व बिक्री के माह मई 2025 में दाखिल जीएसटी रिटर्न में बोगस फर्जी आईटीसी रुपये 18,96,53,679 पास आन तथा जीएसटी आर -3 बी में बिना वास्तविक माल प्राप्त किए बोगस आईटीसी 18,96,80,190 रुपये का क्लेम किया गया था।
इसी प्रकार आरोपितों ने फर्जी बोगस आईटीसी से दो फर्मों जिसमें श्री अल्फा इंटरप्राइजेज, गुरुग्राम व सर्व श्री राधे इंटरप्राइजेज, दिल्ली के माध्यम से धोखाधड़ी, जालसाजी करते हुए सरकार को भारी राजस्व की क्षति पहुंचाई। मामले में सहायक आयुक्त ने अभियोग पंजीकृत कराया था। आरोपितों को गिरफ्तार करके समस्त कार्रवाई पूरी करके संबंधित न्यायालय भेज दिया गया। जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल रवाना कर दिया गया।