संतकबीरनगर। घर के सामने से बकरी ले जाने को लेकर हुए विवाद में दो लोगों पर जानलेवा हमला करने के मामले में मेंहदावल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा और लोहे की रॉड बरामद की है। मामले में शामिल दो किशोरों को निरुद्ध कर किशोर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के नगपुर गांव निवासी लालकेश्वर तिवारी ने 23 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि घर के सामने से बकरी ले जाने को लेकर हुए विवाद में गांव के जाकिर हुसैन, मुबारक अली तथा दो किशोरों ने उन पर और उनके भाई धर्मेंद्र तिवारी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई थीं।
तहरीर के आधार पर मेंहदावल थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को ठाठर पुल के पास से जाकिर हुसैन और मुबारक अली को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे की रॉड बरामद हुई।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि मामले में शामिल दो किशोरों को किशोर न्यायालय भेज दिया गया।
एसओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।