संतकबीरनगर। युवक की हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपियों को महुली पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और डंडा भी बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
हरिहरपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन स्थित सूर्यनगर निवासी फैज खान और कैफ शेख पर एक अन्य साथी के साथ मिलकर 28 अक्तूबर को एक युवक पर हमला करने का आरोप है। आरोप है कि तीनों ने युवक को जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और डंडे से पीटकर घायल कर दिया था। मामले में पीड़ित पक्ष ने 29 अक्तूबर को महुली थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोहड़ गड़ी मोड़ के पास से फैज खान और कैफ शेख को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर टिकुईकोल मोड़ के पास से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और डंडा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैज खान और कैफ शेख के रूप में हुई है। दोनों हरिहरपुर के वार्ड नंबर तीन, सूर्यनगर के निवासी हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जिला कारागार भेज दिया गया।