सेमरियावां। शिक्षक पात्रता परीक्षा से मुक्ति के लिए टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर रविवार को जनपद के शिक्षकों ने ट्विटर एक्स पर जस्टिस फॉर टीचर अभियान के तहत बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। जो दो घंटे में नंबर-एक ट्रेडिंग पर रहा। जनपद के शिक्षक दो बजे से चार बजे तक जुड़े रहे।
प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव, के सी सिंह, विजयनाथ यादव और जफीर अली के नेतृत्व में शिक्षक पात्रता से मुक्ति हेतु क्रमिक आंदोलन के पहले दिन 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त किए जाने की मांग को लेकर रविवार के दिन एक्स ट्विटर पर हैश टैग अभियान चलाया गया।
इस अभियान में प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी, जनपद के सभी नौ ब्लाकों के ब्लॉक पदाधिकारी एवं संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के नेतृत्व में शिक्षकों ने हिस्सा लिया। शिक्षकों की बड़ी संख्या में भागीदारी से नंबर एक पर ट्रेडिंग में रहा।
जिला उपाध्यक्ष जफीर अली करखी ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 23 फरवरी से 25 फरवरी तक विरोधस्वरूप शिक्षक हाथों पर काली पट्टी बांध कर विद्यालयों में शिक्षण कार्य करेंगे। इस दौरान मो आजम, मो शोएब अख्तर, राम करन पासवान, राजकुमार शुक्ला, राम शरण यादव, प्रेम प्रकाश दुबे, राम निवास, विनोद यादव, अजीत सिंह आदि ने जनपद के शिक्षकों का आह्वान किया कि टीईटी से मुक्ति हेतु संगठन के आह्वान पर शिक्षक एकता का सबूत दें।