जिला पंचायत की विकास भवन सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक एक बार फिर कोरम के अभाव में टल गई। बैठक में सिर्फ छह सदस्य ही पहुुंचे। अब यह बैठक 11 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से ही उसी स्थान पर होगी। इस बीच असंतुष्ट गुट ने 26 जिला पंचायत सदस्यों के समर्थन का दावा करते हुए शहर के एक होटल में बैठक कर रणनीति तैयार की। असंतुष्ट सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के प्रति उनकी जवाबदेही है, ऐसे में समान रूप से सभी क्षेत्रों में विकास की कार्ययोजना बनाई जाए और पारदर्शी तरीके से सदस्यों को बैठक का एजेंडा उपलब्ध कराया जाए। जब तक ऐसा नहीं होगा बैठक में नहीं जाएंगे।
शनिवार को दोपहर में साढ़े बारह बजे बैठक शुरू होने थी, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव, सीडीओ लालजी यादव, अपर मुख्य अधिकारी अशोक कुमार सिंह, डीसी मनरेगा विनय श्रीवास्तव, सीएमओ डॉक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, बीएसए महेंद्र प्रताप सिंह सहित तमाम अधिकारी और कुछ जिला पंचायत सदस्य पहुंचे और कुछ देर तक अन्य जिला पंचायत सदस्यों के बैठक में आने का इंतजार करते रहे। काफी देर बाद भी जब सदस्य नहीं पहुुंचे तो कोरम के अभाव में बैठक स्थगित कर दी गई।
इधर असंतुष्ट जिला पंचायत सदस्यों ने एक होटल में बैठक की। जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद अहमद और अशोक कुमार चौधरी ने कहा कि उनकी लड़ाई सभी जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराने के लिए है। जब तक समान रूप से विकास की कार्ययोजना नहीं बनती है और सदस्यों कार्य योजनाओं के बारे में विस्तृत एजेंडा नहीं मिलता तब तक बैठक से दूर रहेंगे। असंतुष्ट गुट की बैठक में जिला पंचायत सदस्य नीना देवी, रूखसाना खातून, बलिराम यादव, संजय यादव, अर्जुन प्रसाद, साबरा खातून, इमराना खातून, इसरत जहां, मालती देवी, प्रमोद यादव,ऊषा देवी, प्रेमलता सिंह राठौर, मुकेश कुमार यादव, वीरेंद्र पांडेय, जब्बार अली, अवधेश, कलीमुन्निशा, गयासुद्दीन चौधरी, संजय राना, संतोष चौहान, मेहताब आलम, प्रेमलता के साथ ही प्रतिनिधि देवेंद्र चौधरी, जवाहिर लाल, अरुण चंद्र, संजय सिंह राठौर आदि शामिल रहे। दूसरी तरफ अपर मुख्य अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कोरम के अभाव में बैठक स्थगित कर दी गई है, अब 11 अप्रैल को जिला पंचायत की बैठक होगी।