कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में मृतक के परिजनो और गांव के लोगों को समझाती पुलिस।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
घर में ही युवक का शव दफनाने पर परिजन और ग्रामीण हुए आमने-सामने
- पुलिस के समझाने के बाद माने परिजन, आमी नदी तट पर हुआ अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। कोतवाली क्षेत्र के सेमरा में शुक्रवार को बीमारी से एक युवक की मौत हो गई। परिजन शव को घर में ही दफनाने के लिए कब्र खोदने लगे तो ग्रामीण विरोध में खड़े हो गए। परिजन तर्क दे रहे थे कि युवक की इच्छा थी कि उसकी मृत्यु होने पर शव को घर में ही दफनाई जाए। उधर ग्रामीण इस बात का विरोध कर रहे थे। पुलिस और रिश्तेदारों के समझाने के बाद परिजन माने और आमी नदी घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया।
ग्राम पंचायत सेमरा निवासी 45 वर्षीय राम मूरत चौरसिया पुत्र हरिवंश चौरसिया की शुक्रवार को बीमारी के कारण मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की बजाय अपने पैतृक मकान में ही दफनाने के लिए कब्र खोदने लगे। जिसे लेकर गांव में तनाव बढ़ गया। शव को घर में दफनाने को लेकर परिजन अड़े रहे। उनका कहना था कि मृतक की अंतिम इच्छा यही थी। इसे लेकर ग्रामीण आमने- सामने हो गए। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकी प्रभारी विजय कुमार दूबे सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
चौकी इंचार्ज ने ग्रामीणों और पीड़ित परिजनों को समझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच कोतवाल विजय नरायन प्रसाद भी पहुंच गए। ग्रामीणों, रिश्तेदारों व संम्भ्रांत लोगों के काफी समझाने के बाद परिजन मान गए। उसके बाद परंपरा के अनुसार आमी नदी घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।