- गोरखपुर जाते समय नेशनल हाईवे भुवरिया के पास हुआ हादसा
-ड्राइवर को हल्की चोटें आईं, बाल-बाल बचे संयुक्त सचिव
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गोरखपुर जा रहे चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव की कार हादसे की शिकार हो गई। कोतवाली क्षेत्र में भुवरिया के पास सोमवार देर शाम उनकी कार को एक ट्रक ने न सिर्फ टक्कर मारी बल्कि उसे 25 से 30 मीटर तक घसीट ले गया। घटना में अधिकारी बाल-बाल बच गए जबकि ड्राइवर को हल्की चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार संयुक्त सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग अनिल कुमार सिंह गोरखपुर के लिए निकले थे। देर शाम को वह कांटे चौकी क्षेत्र के भुवरिया के पास पहुंचे थे कि उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक में फंसकर कार करीब 25 से 30 मीटर तक घसीटती चली गई। कार का दरवाजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक भी जख्मी हो गया।
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल भेजा और ट्रक को कब्जे में ले लिया। मामले में संयुक्त सचिव अनिल कुमार सिंह ने पुलिस को कार्रवाई के लिए प्रार्थनापत्र दिया है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की तलाश कर रही है। इस संबंध में सीओ सिटी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मिली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।