मगहर प्रतिनिधि के अनुसार जौनपुर जिले के नेवड़िया थाना क्षेत्र के सूर्यबली पुत्र नंद कुमार जायसवार ने बताया कि वह ट्रक का मालिक है और खुद चलाता भी है।
उसके ट्रक के टैंक से डीजल टपक रहा था। बुधवार को वह ट्रक को बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हड़िया चौराहे पर एक दुकान पर ठीक कराया। रात में वह हडिया चौराहे पर ही दुकान के पास ट्रक को खड़ी करके उसी के अंदर सो रहा था।
रात में ही चार बदमाश आए और राड से खिड़की का शीशा तोड़ कर केबिन में घुस गए। उसकी लुंगी फाड़ कर उसका हाथ,पैर बांध दिए। बदमाशों का एक साथी ट्रक को चलाता हुआ खलीलाबाद की तरफ लेकर चला।
रास्ते में राड से उसे मारे पीटे और उसके पास मौजूद 5000 रुपये लूट लिए। मगहर पुलिस चौकी के पास कब्रिस्तान के पास पहुंचते ही उसे ट्रक से धक्का देकर नीचे गिरा दिए और ट्रक लेकर गोरखपुर की तरफ भाग निकले।
गुरुवार की भोर में कुछ राहगीरों की नजर उस पर गई तो उसका हाथ,पैर खोले और निकट में पुलिस चौकी होने की जानकारी दी।
बाद में वह पुलिस चौकी पहुंच कर चौकी इंचार्ज को मामले की जानकारी दिया। खलीलाबाद एसएसआई कोतवाली रुदल यादव ने बताया कि जैसे की घटना की खबर मिली तो डीसीआर के जरिए सूचना को प्रसारित कर दिया गया।
पीड़ित सूर्यबली ने पूछताछ में घटना स्थल पुरानी बस्ती के हड़िया चौराहा का होना बताया तो बस्ती पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। पुरानी बस्ती की पुलिस भी पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की।
बस्ती और खलीलाबाद के सीओ ने भी मामले की जांच पड़ताल की। बस्ती के हड़िया चौराहे पर कानपुर आटो मोबाइल्स के वहां ट्रक की गड़बड़ी कराने की जानकारी दी तो वहां भी पहुंच कर दुकानदार से तस्दीक की गई तो बात सही निकली।
पीड़ित पुरानी बस्ती थाने पर तहरीर दिया है और वहीं की पुलिस एफआईआर दर्ज करेंगी।
इंसेट
टोलप्लाजा पर टिकी पुलिस की नजर
संतकबीरनगर। बदमाशों के जरिए गोरखपुर की तरफ भागने की खबर पर पुलिस की नजर टोल प्लाजा पर टिक गई। बस्ती और संतकबीरनगर की पुलिस टीम गोरखपुर के गीडा के पास हाइवे पर स्थिति टोल प्लाजा पहुंच कर मामले की जानकारी जुटाई, लेकिन बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया।
हड़िया के बाद सिर्फ वहीं एक टोल प्लाजा स्थिति है। पुलिस को शक है कि बदमाश बार- बार ट्रक चालक से पैसे के बारे में ही पूछताछ कर रहे थे और उसी वजह से उसे प्रताड़ित भी किए।
एसएसआई रुदल यादव ने बताया कि पीड़ियत सूर्यबली से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बस्ती के नगर कस्बे के निवासी राम प्रसाद पुत्र मेवा लाल ट्रक के मालिक है।
जबकि ट्रक की देखभाल उनके परिवार के मनोज गुप्ता करते है। जबकि कागजात के मुताबिक ट्रक पीड़ित सूर्यबली के नाम से ही पंजीकृत है। घटना की जांच में सही तथ्य उजागर होने पर जल्द ही पुलिस पर्दाफाश करेंगी।