- सुबह गुल हो जा रही बिजली, पानी की समस्या से जूझ रहे लोग
- गर्मी में और रुलाएगी बिजली, उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गर्मी का मौसम अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन बिजली कटौती अभी से लोगों को परेशान कर रही है। सुबह जहां तीन घंटे बिजली कट रही है। दिन में भी बार-बार बिजली गुल हो जा रही है। वहीं लोकल फाल्ट की समस्या भी बनी हुई है। जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
पिछले कई दिनों से सुबह पांच बजे बिजली कट जा रही है। आपूर्ति बाधित ऐसे समय रहती है कि जब लोगों को दैनिक क्रिया से लेकर बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करना रहता है। इस दौरान बिजली गुल होने पर पानी का संकट खड़ा हो जा रहा है। पानी की टंकियां सूख जा रही हैं। बच्चों के लिए टिफिन तैयार करने में भी परेशानी खड़ी हो रही है। जो लोग काम के सिलसिले में सुबह निकलते हैं, उन्हें भी दिक्कत हो रही है। वहीं लोकल फाल्ट की समस्या भी बनी हुई है। स्थिति यह है कि शासन के 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे के बाद भी सात से आठ घंटे बिजली कट रही है।
शहर के निवासी रामजीत प्रसाद, शमशेर अली आदि ने कहा कि सुबह बिजली कटने के साथ ही पानी की समस्या खड़ी हो रही है। इसके साथ ही दिन में भी बिजली कट रही है। किसी ने किसी मोहल्ले में लोकल फाल्ट हो रहा है। गर्मी के मौसम में समस्या और बढ़ सकती है। ऐसे में बिजली निगम को चाहिए कि जर्जर तारों व पोल को जल्द से जल्द बदलें, ताकि समस्या से राहत मिल सके।
बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में जर्जर तारों को बदलकर केबल के तार लगाए जा रहे हैं। साथ ही ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि की जा रही है। जल्द ही उपभोक्ताओं को समस्या से निजात मिल जाएगी।
- केएन शुक्ला, एसडीओ