पत्नी की हत्या और बेटे को घायल करने के आरोपी की करतूत को कोस रहा हर कोई
पीड़ित बेटे और बेटियां अपने आरोपी पिता के नहीं पकडे़ जाने से जता रहे अनहोनी की आशंका
विमलेश त्रिपाठी
धर्मसिंहवा। नगर नगर पंचायत धर्मसिंहवा के बढ़या में पत्नी की हत्या और बेटे को घायल करने वाले आरोपी की करतूत को हर कोई कोस रहा है। वहीं पीड़ित बेटे और बेटियां आरोपी पिता के नहीं पकडे़ जाने से तरह- तरह की अनहोनी की आशंका से सहमे हुए है।
बढ़या निवासी सई मोहम्मद ने शुक्रवार की रात में फावड़े से प्रहार करके अपनी पत्नी ताहिरा खातून की हत्या कर दी। जबकि बचाव में गए छोटे बेटे इरसार को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बेटे की हालत नाजुक बनी हुई और उसका मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचार चल रहा है। इधर मोहल्ले के लोग बता रहे है कि अपने गुस्सैल स्वभाव को लेकर आरोपी सई मोहम्मद गांव में चर्चित रहा है। परिवार के सदस्यों पर गुस्सा होने के बाद वह क्या कर डालता, किसी को अंदाजा नहीं था। गुस्सा होकर उसने एक बार अपनी झोपड़ी में आग भी लगा दिया था। यहां तक कि शौचालय के सेट को तोड़ डाला था। अरहर की फसल रखी थी, उसमें आग लगा दिया था, और तो और नाराज होकर एक बार अपने भैंस को सस्ते दाम में बेच दिया था। नाराज होने पर वह सबसे ज्यादा गुस्सा अपनी पत्नी ताहिरा खातून पर उतारता था। शादी के 30 वर्ष हो जाने के बीच में वह कई बार पत्नी ताहिरा को छोड़ने को लेकर विवाद करता रहा, लेकिन पंचायत में लोगों ने इस मसले को हल कर दिया था। उसके गुस्सैल प्रवृत्ति को देखते हुए गांव का कोई व्यक्ति उसके बीच में नहीं पड़ता था। शादीशुदा बेटी शबनम ने बताया कि मेरी मां कितना भी काम करती थी, आरोपी बाप को लगता था कि वह कुछ नहीं करती थी। उसने बताया कि वह पांच बहन है और चार भाई हैं। जिसमें तीन बहनों और दो भाइयों की शादी हो चुकी है। चार भाई मुंबई में रहकर मेहनत मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं । शबनम ने बताया कि पिता के गुस्सैल स्वभाव के चलते भाइयों ने मां व अविवाहित बच्चों को मुंबई बुला लिया था, तब दो वर्ष तक पिता सई मोहम्मद अकेले घर पर रह रह रहा था और भोजन खुद बनाकर खा रहा था। बताया कि भाइयों ने सोचा होगा कि स्वभाव में कुछ परिवर्तन हुआ होगा। ऐसे में मां को दोबारा घर पर भेज दिया था,लेकिन कुछ दिन बीतने के बाद फिर से वही हरकत करने लगा। घटना से चार दिन पहले किसी बात को लेकर गुस्से में आए आरोपी पिता ने उसकी मां को तलाक तक दे दिया था। जिसे सुनकर बाहर कमा रहे तीन भाई आए और तलाक के मामले को लेकर शनिवार को पंचायत रखे थे। पीड़ित बेटी ने रोते हुए बताया कि आरोपी पिता और मां के बीच विवाद हो रहा था कि तलाक देने के बाद भी मां घर पर ही रहेगी। आरोपी पिता सई मोहम्मद की पारिवारिक स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। एक तरफ मां की मौत के अंतिम संस्कार को लेकर आपाधापी है तो वही दूसरी तरफ घायल बेटे के इलाज को लेकर परिवार वाले परेशान हैं। बेटी ने आशंका जताई है कि आरोपी पिता अभी तक पकड़ा नहीं गया है, कहीं फिर घर आकर कोई अनहोनी न कर बैठे। संवाद