संतकबीरनगर। उमस भरी भीषण गर्मी से परेशान लोगों को शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने राहत दी। करीब दो बजे आई आंधी के साथ शुरू हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। हालांकि बारिश के साथ आई आंधी से कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन व बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।
खलीलाबाद नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित एक पुराना पेड़ आंधी के कारण गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। गनीमत रही कि पेड़ गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई। पेड़ के नीचे अपना सामान बेच रहे दुकानदार समय रहते वहां से हट गए, लेकिन उनके ठेले पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। नगर पालिका क्षेत्र में सड़कों और दुकानों के आसपास पानी जमा हो गया, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि पहली तेज बारिश में ही जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई।
हालांकि कुछ देर बाद नालियों के माध्यम से पानी की निकासी शुरू हुई और हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई।
वहीं प्रशासन द्वारा गिरे हुए पेड़ को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई, जिसके बाद यातायात पुनः सामान्य हो गया। ग्रामीण इलाकों में भी आंधी से पेड़ और बिजली का पोल टूट गया। लहुरादेवा में प्राथमिक विद्यालय के पास बिजली के पोल पर पेड़ गिर जाने से पोल झुक गया। ट्रांसफाॅर्मर के दोनों पोल क्षतिग्रस्त हो गए। फुलवरिया में रामसिंह यादव का टिनशेड उड़कर दूर चला गया। फुलवरिया में राइसमिल का शेड उड़कर दूर जा गिरा।
फुलवरिया से भुजैनी लहुरादेवा धर्मपुरा गरथवलिया मार्ग पर आम का पेड़ गिरने से रास्ता बाधित रहा। सौरभ त्रिपाठी अविरत त्रिपाठी रवि चौबे शिवांश तिवारी आयुष तिवारी राजकुमार यादव आदि ने बिजली का पोल प्रशासन से ठीक कराने की मांग की है।