रोसयाबाजार। विकास खंड पौली के चौराकला पंचायत भवन पर दो माह पहले आंधी से एक पेड़ गिर गया। इससे पंचायत की सभी प्रशासनिक और सार्वजनिक गतिविधियां ठप हो गई हैं। पेड़ गिरने से पंचायत भवन क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे भीतर जाने का रास्ता बंद है। आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं के सत्यापन जैसे काम रुक गए हैं। दो महीने बीतने के बाद भी प्रशासन ने पेड़ हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। प्रशासनिक उदासीनता और काम बाधित होने से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण अयाज और रामलखन ने जल्द पेड़ हटाने व भवन ठीक कराने की मांग की। खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि जल्द ही पेड़ कटवाकर भवन ठीक कराया जाएगा। उन्होंने भवन में संचालन फिर से शुरू करने का आश्वासन दिया। संवाद