संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुधारा में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों की अपेक्षाकृत अधिक भीड़ रही। अस्पताल में सामान्य दिनों में जहां 30 से 35 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं वहीं रविवार को मेले में 53 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
मेले की विशेषता यह रही कि मरीजों को एलोपैथिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी पद्धति से भी उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। ग्रामीण क्षेत्रों से आए नाजिया खातून, सुरेंद्र कुमार, रेहाना खातून, निशा चौहान आदि मरीजों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों के उपलब्ध रहने से उन्हें अपनी आवश्यकता के अनुसार इलाज कराने का अवसर मिलता है।
स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं तथा मौसमी बीमारियों, बुखार, सर्दी-जुकाम, त्वचा रोग सहित अन्य सामान्य रोगों से बचाव के उपाय बताए। चिकित्सकों ने लोगों से स्वच्छता अपनाने, संतुलित आहार लेने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
मेले में आयुष चिकित्सक डॉ. इश्तियाक अहमद, डॉ. फ़िरदौस नाजिम, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. एकता दूबे तथा होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. दीपक पांडेय ने मरीजों का उपचार किया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क जांच, दवा और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सके।
इस दौरान फार्मासिस्ट अतहर इनाम और लैब टेक्नीशियन जाकिर हुसैन भी मौजूद रहे।