महुली-भगौतीपुर मार्ग का हाल, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
महुली। विकासखंड नाथनगर के बस्ती-महुली मार्ग से भगौतीपुर जाने वाली सड़क का निर्माण करीब 20 वर्ष पूर्व पीडब्ल्यूडी ने कराया। तब से अब तक सड़क की मरम्मत न होने से सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस पर आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानियां होती हैं।
विभागीय कोई भी जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीण मास्टर सतीश, सुशांत गौतम, नौशाद अहमद, अब्दुल बारी, इमरान, असलम, शहाबुद्दीन आदि ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क करीब 20 वर्ष पूर्व बनाई गई थी। इसकी काफ़ी दिनों से मरम्मत न होने से सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। परतें उजड़ कर ध्वस्त हो गई हैं, जिससे राहगीरों का पैदल चलना मुसीबत बन गया है। सबसे ज्यादा परेशानी तीन पहिया वाहन चालकों को होती है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने से तीन पहिया वाहन के पलटने का खतरा रहता है।
इसी रास्ते से भगौतीपुर, सिंहापुर, छोटी भगौतीपुर, महुलियाखुर्द आदि गांव के लोग प्रत्येक दिन महुली बाजार के अलावा ब्लॉक और तहसील मुख्यालय आते जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक सड़क मरम्मत नहीं कराई गई।