संतकबीरनगर। वाहन स्वामियों और आम नागरिकों को परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाओं के लिए अब अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विभाग की ओर से परिवहन मेला आयोजित किया जाएगा।
इसमें बकाया वसूली, टैक्स में छूट, वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस और परमिट समेत विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित होने वाले ये मेले अक्तूबर से दिसंबर तक निर्धारित तिथियों पर लगाए जाएंगे।
परिवहन आयुक्त की ओर से जारी पत्र के अनुसार, प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को मुख्यालय स्थित परिवहन कार्यालय परिसर में मेला आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मंडलीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहला मेला 23 अक्तूबर, दूसरा 27 नवंबर और तीसरा 26 दिसंबर को आयोजित होगा। दिसंबर में चौथे शुक्रवार को अवकाश होने के कारण मेला शनिवार को लगाया जाएगा।
परिवहन मेले में अलग-अलग सेवाओं के लिए छह प्रमुख काउंटर बनाए जाएंगे। बकाया वसूली काउंटर पर लंबित कर और अन्य बकायों का निस्तारण किया जाएगा। टैक्स छूट काउंटर पर पात्र वाहन स्वामियों को नियमानुसार छूट का लाभ दिया जाएगा। पंजीकरण काउंटर पर नए वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस काउंटर पर फिटनेस संबंधी आवेदन और नवीनीकरण तथा परमिट काउंटर पर नए परमिट जारी करने और उनके नवीनीकरण की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा, स्क्रैप किए गए पुराने वाहनों के स्थान पर नए वाहन का पंजीकरण कराने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। मेले में ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस, चालान और वाहन स्वामित्व हस्तांतरण से संबंधित जानकारी और सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवहन विभाग का जोर लंबित राजस्व की वसूली पर भी रहेगा। इसके लिए अधिक बकाया वाले वाहनों की सूची तैयार की जाएगी। वाहन स्वामियों को एसएमएस, व्हाट्सएप और पत्र के माध्यम से मेले की जानकारी दी जाएगी। बड़े बकायेदारों से व्यक्तिगत संपर्क भी किया जाएगा। मेले में बकाया राशि जमा करने के लिए नकद, ऑनलाइन और डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पात्र वाहन स्वामियों को नियमानुसार टैक्स में छूट देकर बकाया राशि का निस्तारण किया जाएगा। भुगतान के बाद वाहनों के दस्तावेज और कर संबंधी विवरण भी अपडेट किए जाएंगे।