संतकबीरनगर। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को हीरालाल इंटर कॉलेज खलीलाबाद के 10 कक्षों में पीठासीन और मतदान अधिकारियों का दो पाली में प्रशिक्षण हुआ। प्रत्येक कक्ष में सात पार्टियों के कुल 28 कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। दोनों पालियों में कुल 555 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
पांच मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। उन्हें नौ मई को प्रशिक्षण दिया जाएगा। हीरालाल इंटर कॉलेज में आयोजित पोलिंग पार्टियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर ने सिलसिलेवार बारीकियां बताई। प्रभारी अधिकारी कार्मिक संत कुमार ने बताया कि हीरालाल इंटर कॉलेज के अरविंद ऑडिटोरियम में फेसिलेटेशन सेंटर बनाया गया है, जिसमें अलग-अलग जिले की नगर पालिका सहित नगर पंचायतों के पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने के लिए आठ पार्टियों को लगाया गया है।
इस बीच डीएम संदीप कुमार, सीडीओ संत कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए मतदान कार्मिकों से कहा कि इस प्रशिक्षण में मतदान के दिन संपन्न कराई जाने वाली सभी प्रक्रियाओं एवं सभी नियमों को बारिकी से समझ लें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए पीठासीन अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस लिए मतदान प्रक्रिया के सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अच्छा होगा तो मतदेय स्थल पर कोई दिक्कत नहीं होगी।