प्रशिक्षु शिक्षकों ने प्रमाण पत्र और मानदेय देने की जाने की मांग को लेकर बुधवार को खलीलाबाद के बीआरसी पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों ने कहा कि यदि प्रमाण पत्र नहीं मिला तो शिक्षण कार्य बहिष्कार कर डायट व बीएसए कार्यालय पर धरना देंगे।
प्रशिक्षु शिक्षक डॉक्टर अमित कुमार और वंदना सिंह ने कहा कि सरकार तथा प्रशासन दोनों का ही रवैया उदासीन तथा उपेक्षापूूर्ण है।
प्रशिक्षु शिक्षकों के छह महीने पूर्ण होने के बाद ली गई परीक्षा का रिजल्ट आया। काफी दिनों के बाद सरकार जागी तो आदेश दिया कि डायट से प्रमाण पत्र वितरित किया जाएगा।
आदेश के बाद हर जिलों में प्रमाण पत्र वितरित किया जा रहा है। किंतु खलीलाबाद डायट के प्राचार्य और उप प्राचार्य अपने अपने कक्ष में ताला बंद कर गायब है। प्रशिक्षु लगातार डायट आ रहे है पर डायट द्वारा उन्हे कोई सूचना उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु शिक्षक इस रवैये से उदासीन और हताश है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु शिक्षकों को मानदेय नहीं मिल रहा है। जिससे उनके सामने विकट स्थिति पैदा हो गई है।
प्रशिक्षुओं ने प्रमाण पत्र व मानदेय दिए जाने की मांग की है। इस अवसर पर कीर्ति मिश्रा, राहुल यादव, आकांक्षा शाही, योगेश सिंह, दिलीप कुमार पांडेय, गौरव सिंह सोलंकी, अवनीश पाल, अनीता चौधरी समेत अन्य प्रशिक्षु शिक्षक मौजूद रहे।