बिड़हरघाट पर डायवर्जन खुलने के बाद पहुंचे चार पहिया वाहन।
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के तामेश्वरनाथ शिव मंदिर पर सोमवार को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने पर पायलपार और बिड़हरघाट मार्ग पर आवागमन बहाल कर दिया गया। धनघटा मार्ग पर रविवार को दोपहर बाद से ही डायवर्जन लागू किया था।
धनघटा थाना क्षेत्र के बिड़हरघाट से कांवडियों की भारी भीड़ एवं उनके सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था। बड़े वाहनों रविवार दोपहर बाद से ही बंद कर दिए गए थे। वहीं कोतवाली क्षेत्र के पायलपार से वाहनों पर रोक लगाया गया था। देर शाम से ही कांवड़िए बिड़हरघाट पर पहुंचकर स्नान के बाद जल भरकर तामेश्वरनाथ शिव मंदिर के लिए निकलना शुरू कर दिए।
सोमवार को सुबह आठ बजे तक श्रद्धालुओं का आवागमन चालू रहा। आठ बजे के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने के बाद बिड़हरघाट और पायलपार से डायवर्जन हटा दिया गया।
एसओ रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि रात के समय ज्यादातर श्रद्धालु स्नान के बाद जल लेकर निकल गए थे। इसके बाद सुबह के समय वाहनों के आवागमन पर लगे रोक को हटा दिया गया।