संतकबीरनगर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के मुख्य चौराहों पर यातायात के समुचित व्यवस्था के लिए ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था कराई जाए तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से संबंधित संकेतकों भी स्पष्ट रूप से दर्शाया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप रंबल स्ट्रिप बनाया जाए एवं सीट बेल्ट व हेलमेट का पालन करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाए। सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग न करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाए। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने अवगत कराया गया कि पिछली बैठक में जारी किए गए निर्देशों का अनुपालन कर दिया गया है। अन्य व्यवस्थाएं भी जल्द ही करा दी जाएगी।
बैठक में एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, सीडीओ संत कुमार, सीएमओ डॉ. अनिरुद्ध कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी दिपांशी राठौर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. आंजनेय सिंह, सहायक अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी, ईओ खलीलाबाद विनय कुमार मिश्र, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे।