कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे सपा नेता।
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम रविवार को जिले में आएंगे। वह जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में आयोजित होने वाले पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव की द्वितीय पुण्यतिथि में शामिल होंगे। पूर्व सीएम के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सपा कार्यकर्ता शनिवार की देर रात तक तैयारी में लगे रहे।
कार्यक्रम आयोजक आलोक यादव सोनू ने बताया कि उनके पिता व पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव की द्वितीय पुण्यतिथि 30 अप्रैल को है। कार्यक्रम जूनियर हाईस्कूल के परिसर में होगा। इसमें पूर्व सीएम अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वह पूर्व सांसद के चित्र पर माल्यार्पण करेंगे। पूर्व विधायक दिग्विजयनारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि पूर्व सीएम अखिलेश यादव के जोरदार स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने कहा कि सपा मुखिया का स्वागत जोरदार होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव व राहुल यादव बादल ने कहा कि पूर्व सीएम गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे और वहां से कार से जिले में आएंगे। ऐसे में जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरान सपा नेता जयराम पांडेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव, रामदरश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, केडी यादव, नित्यानंद यादव समेत अन्य मौजूद रहे।