मेंहदावल। नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही से नगर के पुरवा वार्ड में इंटरलॉकिंग सड़क पर नाली का गंदा पानी फैल जाने से लोगों का आना-जाना बंद हो गया है। शिकायत के बाद भी नगर पंचायत कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे वार्ड के लोगों में रोष व्याप्त है।
मेंहदावल नगर पंचायत का 17 नंबर वार्ड पुरवा की अनदेखी हो रही है। वार्ड में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और नगर पंचायत प्रशासन कागजों में स्वच्छता अभियान चला रही है। इसका ताजा उदाहरण पुरवा-सुवरहवा मार्ग है। झाड़ियों से यह सड़क पटी हुई है। ऊपर से जलनिकासी के लिए बनी नालियों का गंदा पानी इंटरलॉकिंग सड़क पर इस कदर पसरा हुआ है कि लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
इस मार्ग से बराखाल, सुहरहवा, राजाबारी,बनकटा समेत कई गांव के लोगाें का आना जाना है। इसी के साथ ही कस्बे के लोग भी इस मार्ग से आते जाते हैं लेकिन वर्तमान समय में इस इंटरलॉकिंग सड़क पर गंदगी वह नालियों के पानी के पसरे होने के कारण आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। वार्ड निवासी विजय पांडेय, कमलेश गुप्ता, रामेश्वर यादव, रामशब्द यादव, अमित पांडेय, रमाकांत विश्वकर्मा, मुन्नीलाल, अमरनाथ, संतोष कुमार, प्रमोद प्रजापति, सौरभ पांडेय, उमाशंकर, उमेश पांडेय, भोलू पांडेय आदि लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर गंदगी तथा नालियों का पानी इस कदर पसरा हुआ है की आने-जाने में काफी कठिनाई हो रही है। वार्ड सभासद मनजीत मौर्य का कहना है कि वार्ड में सड़क की बदहाली का मामला तथा सड़क पर नालियों के गंदगी के आने का मामला संज्ञान में लाते हुए निस्तारण की मांग की गई थी, लेकिन वार्ड के लोगों को इस समस्या से निजात नहीं मिल पाई, जो काफी दुखद है। अधिषासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है, स्थलीय निरीक्षण के साथ समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।