संतकबीरनगर। प्रभारी यातायात परमहंस ने आमजनमानस में यातायात जागरुकता बढ़ाने के लिए जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रह्लाद राय बनारसी लाल बालिका इंटर कॉलेज खलीलाबाद से निकाली गई यह रैली बरदहिया बाजार तक गई।
इस दौरान प्रह्लाद राय बनारसी लाल बालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुंधति, प्रभारी यातायात परमहंस, दीनदयाल उपाध्याय वेलफेयर सोसायटी के सचिव अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद मोहन सिंह, वीरेंद्र कुमार आदि रैली में शामिल रहे। रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा को अपनाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने सड़क पर हो रही दुर्घटनाओं के रोकथाम करने के लिए लोगों को यातायात के नियमों के बारे में जागरूक किया।
दो पहिया वाहन चलाते समय तीन सवारी न बैठने, बिना नंबर प्लेट लगे वाहन न चलाने, नशे की हालत में गाड़ी न चलाने, वाहन को तेज गति से न चलाने की लोगों से अपील की। साथ ही परिवार वालों एवं रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों को भी वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।