- बेलहर क्षेत्र के लोहरसन का मामला
- व्यापारियों ने कहा- एक सप्ताह के अंदर लौटाए व्यवसाय की रकम, नहीं तो आत्मदाह को होंगे मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। क्षेत्र के लोहरसन में गल्ला व्यवसायी से परेशान होकर व्यापारियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया है। व्यवसायी पर गल्ला लेकर रुपये न देने का आरोप लगा है, जिससे व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने एक सप्ताह के अंदर भुगतान न होने की दशा में गल्ला गोदाम के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी ही है।
बुधवार को जीवन प्रसाद, गणेश, राजन गुप्ता, हनुमान अग्रहरि, आशुतोष, मोहम्मद अनस, नुरुलहुदा, सदावृक्ष, पवन कुमार, जितेन्द्र, अखिलेश, विकास, विजय कुमार, मोनू जायसवाल, त्रिभुवन समेत अन्य व्यापारियों ने प्रदर्शन किया है। इन सभी का आरोप है कि लोहरसन में गल्ला व किराना की दुकान है। सभी लोगों ने दो माह पहले गेहूं, धान और चावल ले जाकर दिया गया है। जिसका भुगतान बाद में देने को कहकर गल्ला ले लिया गया लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।
जब रुपये की मांग की गई तो गल्ला व्यवसायी ने कहा कि अभी वैष्णो देवी दर्शन के लिए आए हैं आने के बाद भुगतान कर देंगे। उसके बाद रुपये की मांग करने पर केस में फंसाने की बात कर रहे हैं और जानमाल की धमकी देने लगे, जिससे सभी का लाखों का भुगतान फंस गया है। इस मामले की शिकायत थाने पर की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर सभी ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है और एक सप्ताह के अंदर भुगतान न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।