डेबरी सिसवा गांव में विवादित जमीन पर निर्माण करते लोग।संवाद
क्षेत्र के डेबरी सिसवा गांव में दो पक्षों में तनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के डेबरी सिसवा गांव के व्यापारियों ने पुलिस चौकी जगदीशपुर के चौकी इंचार्ज पर जबरन जमीन कब्जा कराने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। व्यापारी विपुल, लक्ष्मण, विजेंद्र, शिवपाल आदि का आरोप है कि गांव में उनकी खाली पड़ी जमीन पर ग्राम प्रधान अवैध रूप से कब्जा करना चाहते हैं। दो दिन पहले जमीन पर कब्जा करने की नीयत से मजदूर लेकर पहुंचे तो काम नहीं होने दिया गया। उसके बाद प्रधान अपनी पहुंच की बदौलत मंगलवार को जगदीशपुर चौकी इंचार्ज को लेकर मौके पर पहुंचे। उसी समय दीवार बनाने के लिए प्रधान के जरिए मजदूर और मिस्त्री भी लगा दिए गए। निर्माण कार्य शुरू होने का जब विरोध किया गया तो प्रधान को और व्यापारियों को चौकी इंचार्ज अपने साथ लेकर पुलिस चौकी आ गए। जहां व्यापारियों को बैठा रहे और उधर निर्माण कार्य चलता रहा। बार-बार कहने के बावजूद चौकी इंचार्ज निर्माण कार्य को नहीं रुकवाएं। उसके बाद व्यापारी पक्ष के लोग एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस निर्माण कार्य रुकवा तो दी लेकिन कुछ दीवार उठ चुकी थी। व्यापारियों ने चौकी इंचार्ज जगदीशपुर पर एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। दूसरी तरफ ग्राम प्रधान अजय कुमार का कहना है कि जमीन उनकी है। जब उस पर कब्जा करना चाह रहे हैं तो दूसरे पक्ष के लोग जबरन अड़ंगा डाल रहे हैं। इस संबंध में चौकी इंचार्ज रामकरन निषाद का कहना है कि डेबरी सिसवा में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को पुलिस चौकी पर समझाने बुझाने के लिए बुलाया गया था। वहां पर निर्माण कार्य जारी रहने की जानकारी नहीं थी। जानकारी होने के बाद निर्माण कार्य को रोक दिया गया है। किसी भी पक्ष को शांति व्यवस्था में खलल पैदा करने नहीं दिया जाएगा।